Lakhimpur Kheri news : लखीमपुर में बड़े जुआ अड्डे पर पुलिस का शिकंजा, 16 गिरफ्तार
शहर में संचालित एक बड़े जुआ अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

lakhimpur kheri
8:06 PM, August 22, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। शहर में संचालित एक बड़े जुआ अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने बाल्मीकि बस्ती स्थित एक मकान में छापेमारी कर मौके से 3 लाख 11 हजार 262 रुपये नकद और 208 ताश के पत्ते बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली सदर की संयुक्त टीम को गोला रोड स्थित बाल्मीकि बस्ती में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मकान की घेराबंदी कर छापा मारा, जहां कई लोग ताश के जरिए रुपये की बाजी लगाते मिले। पुलिस ने सभी 16 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लखीमपुर शहर के विभिन्न मोहल्लों के साथ ही हरदोई, शाहजहांपुर और लखनऊ के रहने वाले लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई में स्वाट प्रभारी जय प्रकाश यादव, सर्विलांस प्रभारी शरद शुक्ला और कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




