Lakhimpur kheri news : लोकसभा अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज हो गई है।

lakhimpur kheri
3:47 PM, October 28, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय, क्षेत्राधिकारी गोला और मुख्य विकास अधिकारी के साथ कबीरधाम स्थित कार्यक्रम स्थल एवं हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके अलावा गोला में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधों, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और हेलीपैड की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का बारीकी से आकलन किया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीवीआईपी आगमन के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को सतर्कता बरतने और जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।




