Lakhimpur Kheri news : घाघरा में दहशत! नाव पर बैठे युवक पर घड़ियाल का हमला, तलाश में जुटे गोताखोर
पढ़ुआ थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नाव पर बैठे 24 वर्षीय युवक को घड़ियाल ने अचानक झपट्टा मारकर पकड़ लिया और गहरे पानी में खींच ले गया।

lakhimpur kheri
9:49 PM, September 10, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- परिजनों के सामने हुआ दिल दहला देने वाला हादसा, 24 वर्षीय नीरज भार्गव की तलाश में जुटे गोताखोर
लखीमपुर खीरी। पढ़ुआ थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नाव पर बैठे 24 वर्षीय युवक को घड़ियाल ने अचानक झपट्टा मारकर पकड़ लिया और गहरे पानी में खींच ले गया। परिजन कुछ ही दूरी पर मौजूद थे और उनकी आंखों के सामने यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सुजानपुर पंचायत के मजरा गांव निवासी नीरज भार्गव खाना खाने के बाद घर के पास नदी किनारे बंधी नाव पर बैठा था। इसी दौरान पानी से निकले घड़ियाल ने उस पर हमला कर दिया। नीरज ने चीखकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन परिजन जब तक मौके पर पहुंचे, घड़ियाल उसे नदी के भीतर खींच चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी। नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है।
दस साल पहले कटान में चली गई थी जमीन
नीरज के परिवार पर पहले भी घाघरा नदी का कहर टूट चुका है। ग्रामीणों के अनुसार करीब एक दशक पहले नदी के कटान में उनकी कृषि योग्य जमीन बह गई थी। इसके बाद नीरज मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा और परिवार का प्रमुख कमाने वाला सदस्य था।
करीब एक वर्ष पहले ही नीरज की शादी हुई थी। उसके नदी में लापता होने की खबर से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है।




