Lakhimpur Kheri news : दुधवा में चित्रकला, रंगोली, मूर्तिकला व पजल प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा
पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

lakhimpur kheri
4:07 PM, October 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणी सप्ताह के पांचवें दिन मंगलवार को स्कूली बच्चों और स्थानीय समुदाय को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने कैनवास पर दुधवा के बाघों, दुर्लभ बारहसिंगा, गैंडों व जंगलों के खूबसूरत चित्र उकेरे। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने प्राकृतिक रंगों से आकर्षक आकृतियां बनाईं। इसके अलावा मूर्तिकला प्रतियोगिता के तहत बच्चों ने पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों से बाघ, हाथी और पक्षियों की सजीव मूर्तियां बनाईं, जबकि पजल प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने वन्यजीवों से जुड़ी पहेलियों को हल किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को 8 अक्टूबर को वन्य प्राणी सप्ताह के मुख्य समापन समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर उप क्षेत्रीय वन अधिकारी (पर्यटन) सुरेंद्र कुमार, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी रोहित रवि, पशुचिकित्सक डॉ. तलहा, पर्यटन वन दरोगा राजेंद्र कुमार, स्टोर प्रभारी सुशांत सिंह, आउटरीच इंचार्ज विपिन सैनी, फार्मासिस्ट संदीप कुमार, अभिप्रेरक धनीराम व नाजरून निशा सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




