Lakhimpur Kheri news : हाईकोर्ट के आदेश पर NH-731 से अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, भारी पुलिस बल के बीच बुलडोजर कार्यवाई
राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्यवाई शुरू कर दी।

lakhimpur kheri
2:49 PM, September 18, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- भीरा में कार्यवाई शुरू होते ही कई लोगों ने खुद हटाए अवैध निर्माण
भीरा, लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय राजमार्ग-731 के निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्यवाई शुरू कर दी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उपजिलाधिकारी पलिया पुष्पक और क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल भीरा कस्बे में पहुंचा और चिह्नित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्यवाई शुरू हुई।
प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही कई कब्जाधारकों ने बुलडोजर कार्यवाई से पहले ही अपने स्तर से निर्माण हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से शेष चिह्नित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्यवाई आगे बढ़ाई।
कार्रवाई को देखते हुए कस्बे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मौके पर 8 सीओ, 12 थाना प्रभारी, 50 उपनिरीक्षक, 200 हेड कांस्टेबल, 100 कांस्टेबल और 10 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 10 फायर ब्रिगेड वाहन भी मौके पर लगाए गए हैं।
अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।




