Lakhimpur Kheri news : विश्व गैंडा दिवस पर दुधवा में गैंडों की निगरानी, हाथियों के लिए सजा खास भोज
विश्व गैंडा दिवस के मौके पर दुधवा टाइगर रिजर्व में वन विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

lakhimpur kheri
7:47 PM, September 22, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलियाकलां, लखीमपुर खीरी। विश्व गैंडा दिवस के मौके पर दुधवा टाइगर रिजर्व में वन विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ वन अधिकारियों ने हाथियों पर सवार होकर दुधवा के प्रथम गैंडा पुनर्वास केंद्र का भ्रमण किया और गैंडों की गतिविधियों व स्वास्थ्य की निगरानी की।
मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी के नेतृत्व में अधिकारियों ने मॉनिटरिंग अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद सलूकापुर स्थित राजकीय हाथी कैंप में हाथियों के लिए विशेष भोज का आयोजन हुआ। हाथियों को फल, सब्जियां और अन्य पौष्टिक आहार परोसा गया।
कार्यक्रम में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रोजेक्ट टाइगर) राम कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (सामाजिक वानिकी) दीपक कुमार, दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड निदेशक डॉ. एच. राजामोहन, उपनिदेशक जगदीश आर. समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




