Lakhimpur Kheri news : दुधवा में गूंजा गिद्ध संरक्षण का संदेश, बच्चों ने कलाकृति और चित्रकला से दिखाई प्रतिभा
अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को दुधवा टाइगर रिजर्व की विभिन्न रेंजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलियाकलां-खीरी। अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को दुधवा टाइगर रिजर्व की विभिन्न रेंजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को गिद्धों की पर्यावरणीय भूमिका तथा उनके संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
मैलानी स्थित श्रीराम चंद्र महाविद्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय वन अधिकारी नवीन कुमार दीवाकर ने की। विद्यार्थियों के बीच मिट्टी की कलाकृति और चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई गईं। मिट्टी की कलाकृति में अमन कुमार ने प्रथम, अंकित कुमार ने द्वितीय और आराधना ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में नैना प्रथम, अश्मि सिंह द्वितीय और वंदना तृतीय रहीं। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व की सठियाना, गौरीफंटा, उत्तर सोनारीपुर और किशनपुर रेंज में भी जागरूकता गोष्ठियां आयोजित हुईं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिद्ध मृत जीवों का प्राकृतिक रूप से निस्तारण कर पर्यावरण को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से उन्हें प्रकृति का प्राकृतिक सफाईकर्मी माना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से गिद्धों के संरक्षण में सहयोग करने तथा वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि जैव विविधता के संतुलन को बनाए रखने में गिद्धों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।