Lakhimpur Kheri news : पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, सात झुलसे
पतवारा गांव में रविवार को मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सात ग्रामीण झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब खेत में काम कर रहे ग्रामीण बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे।

lakhimpur kheri
6:06 PM, September 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- तेज बारिश से बचने के लिए पेड़ की ओट में खड़े थे ग्रामीण; छह का सीएचसी और एक का निजी अस्पताल में इलाज
पलिया कलां-खीरी। पलिया कोतवाली क्षेत्र के बड़ा पतवारा गांव में रविवार को मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सात ग्रामीण झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब खेत में काम कर रहे ग्रामीण बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे। अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में आए ग्रामीण झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से झुलसे लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। शिवम निषाद (21), दीपक निषाद (14), अमित निषाद (18), अर्जुन निषाद (16), अमित निषाद (24) और सूरज निषाद (18) को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर है।
वहीं, वरुण निषाद (19) को परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके की जानकारी ली।




