Lakhimpur Kheri news : कोटेदारों का बढ़ा लाभांश, अब ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ कहलाएंगे
प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी करते हुए इसे ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया है।

lakhimpur kheri
6:09 PM, August 17, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी । प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी करते हुए इसे ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया है। इस फैसले से जिले के 1,486 कोटेदार लाभान्वित होंगे। साथ ही कोटेदारों को नई पहचान देते हुए अब उन्हें ‘अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाना जाएगा।
कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। सदर विधायक योगेश वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएम अंजनी कुमार सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी समेत कोटेदारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक व्यवस्था की भी शुरुआत की गई। कोटेदार संगठनों ने लाभांश बढ़ाने और नई पहचान देने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।




