Lakhimpur Kheri news : निघासन-सिंगाही में विकास कार्यों का निरीक्षण, एडीएम ने दिए गुणवत्ता पर जोर
विकास कार्यों की प्रगति और उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ निघासन और सिंगाही क्षेत्र का दौरा किया।

lakhimpur kheri
7:24 PM, September 29, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी । विकास कार्यों की प्रगति और उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ निघासन और सिंगाही क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
सबसे पहले एडीएम ने नगर पंचायत निघासन में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं, अध्ययन सामग्री और विद्यार्थियों के उपयोग की स्थिति की जानकारी ली। छात्रों में डिजिटल लाइब्रेरी के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए उन्होंने अध्ययन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने निघासन के हनुमानगढ़ी मंदिर में वंदन योजना के तहत कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति और मौके की व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। पटेल नगर वार्ड में बने बारातघर का भी निरीक्षण किया गया।
सिंगाही पहुंचकर एडीएम ने वंदन योजना के अंतर्गत शिव मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन करने, गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित निकायों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




