Lakhimpur Kheri news : पलिया-दुधवा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो किशोरों की मौत, तीन गंभीर घायल
पलिया-दुधवा मार्ग पर फरसहिया तिराहे के पास शनिवार को तेज रफ्तार वैगनर कार ने बाइक सवार पांच किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी।

lakhimpur kheri
6:37 PM, August 15, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। पलिया-दुधवा मार्ग पर फरसहिया तिराहे के पास शनिवार को तेज रफ्तार वैगनर कार ने बाइक सवार पांच किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पलिया थाना क्षेत्र के फरसहिया तिराहे के पास शनिवार दोपहर करीब 11:30 बजे राजा टापर पटीहन निवासी पांच किशोर बाइक से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पलिया की ओर से आ रही वैगनर कार संख्या HR 55 AW 5756 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पांचों किशोर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सीएचसी पलिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने 13 वर्षीय आनंद और 16 वर्षीय शिवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं 16 वर्षीय रोहित, 17 वर्षीय अनिकेत और 17 वर्षीय अतीश की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल खीरी रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक अनिल सोनार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैगनर कार को कब्जे में लेकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




