Lakhimpur Kheri news : सड़क पर निकला चार फीट का मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
दक्षिण निघासन वन रेंज क्षेत्र के घनश्याम पुरवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब केले के खेत में काम कर रहे मजदूरों को करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया।

lakhimpur kheri
5:07 PM, October 7, 2026
- केले के खेत में काम कर रहे मजदूरों ने देखा, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़कर सरयू नदी में छोड़ा
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
निघासन (लखीमपुर खीरी)। दक्षिण निघासन वन रेंज क्षेत्र के घनश्याम पुरवा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब केले के खेत में काम कर रहे मजदूरों को करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को सड़क के आसपास घूमते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही रेंजर मोहम्मद मोबिन आरिफ के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में वन दरोगा अखिलेश रावत, अक्षय मौर्य, मनोज तथा वाहन चालक शामिल रहे।
वन विभाग की टीम ने काफी सावधानी के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सरयू नदी में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग की तत्परता से संभावित हादसा टल गया। वहीं, खेतों और आसपास के इलाकों में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता भी बनी हुई है।




