Lakhimpur Kheri news : चार परिवारों पर बेघर होने का संकट
छोटी पलिया गांव में चार परिवारों के आशियानों पर बुलडोजर कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है।

lakhimpur kheri
11:54 AM, August 19, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया, लखीमपुर खीरी। छोटी पलिया गांव में चार परिवारों के आशियानों पर बुलडोजर कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व विभाग ने रामकुमार, राजाराम, ओमप्रकाश और छोटे लाल को 19 अगस्त तक अपने मकान खाली करने का नोटिस दिया है।
राजस्व अभिलेखों के अनुसार, जिन जमीनों पर इन परिवारों के मकान बने हैं, वे ग्राम पंचायत के खलिहान के रूप में दर्ज हैं। सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के मामले में न्यायालय के निर्देश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की है।
प्रशासन की कार्रवाई की सूचना के बाद से प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। परिवारों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए हैं और अचानक मकान खाली करने से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो जाएगा।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले इसी गांव निवासी रामपाल के मकान पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी। अब चार अन्य परिवारों के मकान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू होने से गांव में लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बारिश के मौसम में मकान खाली करने के आदेश ने परिवारों की परेशानी और बढ़ा दी है। पीड़ितों का कहना है कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ अचानक खुले आसमान के नीचे रहना मुश्किल होगा। परिवार वैकल्पिक ठिकाने की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई स्थायी व्यवस्था नहीं मिल सकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाए। मामले को लेकर गांव में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।




