Lakhimpur Kheri news : दुधवा के जंगलों में घुसा बाढ़ का पानी, नावों से 24 घंटे निगरानी
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने दुधवा टाइगर रिजर्व में हालात चुनौतीपूर्ण कर दिए हैं। बारिश के चलते जंगल के कई हिस्सों और वन क्षेत्रों में बाढ़ व जलभराव की स्थिति बन गई है।

lakhimpur kheri
10:34 PM, September 10, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
--- मूसलाधार बारिश से कई वन क्षेत्र जलमग्न, वन्यजीवों की सुरक्षा में मुस्तैद ‘ग्रीन सोल्जर्स’
पलिया कलां, खीरी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने दुधवा टाइगर रिजर्व में हालात चुनौतीपूर्ण कर दिए हैं। बारिश के चलते जंगल के कई हिस्सों और वन क्षेत्रों में बाढ़ व जलभराव की स्थिति बन गई है। ऐसे इलाकों में भी पानी पहुंच गया है, जो सामान्य मानसून में जलभराव से बचे रहते हैं।
बाढ़ के बीच दुधवा के वनकर्मी वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए दिन-रात मैदान में डटे हुए हैं। नावों और अन्य उपलब्ध संसाधनों के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। जरूरत के अनुसार हाथियों की मदद भी ली जा रही है। वनकर्मियों की यह निगरानी वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए भी अहम मानी जा रही है।
पहले से तैयार था पार्क प्रशासन
दुधवा टाइगर रिजर्व के उप निदेशक जगदीश आर. के अनुसार मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव को देखते हुए पहले से आवश्यक तैयारियां की गई थीं। वन अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। नावों समेत उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
रैपिड रिस्पांस टीम भी तैनात
आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभागीय स्तर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी (पर्यटन रेंज) के नेतृत्व में विशेष रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। टीम प्रभावित इलाकों में दिन-रात सक्रिय रहकर किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।
बारिश और बाढ़ की चुनौती के बावजूद पार्क प्रशासन का दावा है कि वन क्षेत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय है। जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




