Lakhimpur Kheri news : गलत जवाब पर तनाव नहीं, गलती पकड़ने की जिद पैदा करें : डीएम
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गलत जवाब आने पर तनाव लेने के बजाय गलती पकड़ने और उसे सुधारने की जिद होनी चाहिए।

lakhimpur kheri
8:28 PM, August 27, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
--- अभ्यास से दूर होगा मंच का डर, लक्ष्य तय कर पढ़ाई पर करें फोकस, गलत उत्तर से घबराएं नहीं, गलती खोजकर सुधारें
लखीमपुर खीरी । राजकीय इंटर कॉलेज में गुरुवार को आयोजित छात्र-छात्राओं के संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गलत जवाब आने पर तनाव लेने के बजाय गलती पकड़ने और उसे सुधारने की जिद होनी चाहिए। डीएम ने कहा कि किसी भी सवाल को अच्छी तरह समझ लेना ही उसके समाधान का आधा हिस्सा है, इसलिए परीक्षा में प्रश्न को ध्यान से पढ़कर ही उत्तर दें। उन्होंने मंच पर बोलने से डरने वाले विद्यार्थियों से कहा कि लगातार अभ्यास करने से झिझक और डर खत्म होता है तथा आत्मविश्वास बढ़ता है। पढ़ाई में एकाग्रता के सवाल पर उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की सलाह दी और कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन विषय से भागने के बजाय उसे बार-बार समझकर अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी सवाल का उत्तर गलत आता है तो यह पता लगाना जरूरी है कि गलती कहां हुई और जरूरत पड़े तो उसी सवाल को कई बार हल करें। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि सवाल समझ में न आए तो शिक्षक से पूछें और प्रयास कभी बंद न करें। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि संघर्ष का मैदान छोड़कर नहीं आना चाहिए, क्योंकि लगातार कोशिश और धैर्य से ही सफलता हासिल होती है। कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र एवं प्रधानाचार्य डॉ. जगत प्रकाश सिंह की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर सवाल पूछे और डीएम ने उनके सवालों का जवाब देते हुए नियमित अभ्यास, लक्ष्य के प्रति समर्पण और असफलता से सीख लेने का संदेश दिया।




