Lakhimpur Kheri news : परामर्श से दूर हुईं दूरियां, 11 दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ
महिला थाना परिसर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए आयोजित काउंसलिंग में पुलिस और परामर्शदाताओं के प्रयास से 11 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया।

lakhimpur kheri
7:53 PM, September 20, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर-खीरी,। महिला थाना परिसर स्थित परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए आयोजित काउंसलिंग में पुलिस और परामर्शदाताओं के प्रयास से 11 दंपतियों के बीच समझौता कराया गया। आपसी मतभेद दूर होने के बाद सभी 11 जोड़ों को साथ रहने के लिए विदा किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में महिला थानाध्यक्ष बबिता पटेल के नेतृत्व में काउंसलर नीति गुप्ता, कुसुम गुप्ता और कय्यूम जरवानी ने कुल 22 पारिवारिक मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और समझौते का प्रयास किया।
परामर्श के दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू विवाद और साझा गृहस्थी में रहने को लेकर उत्पन्न मतभेदों पर दोनों पक्षों से बातचीत की गई। सकारात्मक परिणाम सामने आने पर 11 पति-पत्नी ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई, जिसके बाद उन्हें परिवार के साथ विदा किया गया।
वहीं 8 मामलों में पति-पत्नी के बीच गहरे मतभेद पाए गए। ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों को आपसी विचार-विमर्श के लिए समय दिया गया। जबकि 3 मामलों में सुलह का प्रयास सफल नहीं हो सका।
परिवार परामर्श की इस प्रक्रिया में उपनिरीक्षक दिनेश मणि पाण्डेय, महिला आरक्षी सुमन लता और रेखा गौड़ ने भी सहयोग किया। काउंसलिंग के दौरान संबंधित दंपतियों के परिजन भी मौजूद रहे।
महिला थाना परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत और समझौते के माध्यम से सुलझाकर टूटते रिश्तों को बचाने का प्रयास करना रहा।




