Lakhimpur Kheri news : दुधवा में वाद-विवाद व 'ट्रेजर हंट' प्रतियोगिता का आयोजन, वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक हुए बच्चे
छात्र-छात्राओं के लिए वाद-विवाद और खजाने की खोज (ट्रेजर हंट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

lakhimpur kheri
3:39 PM, October 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व में चल रहे वन्य प्राणी सप्ताह के चौथे दिन उपनिदेशक जगदीश आर. के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं के लिए वाद-विवाद और खजाने की खोज (ट्रेजर हंट) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दुधवा पर्यटन परिसर में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता का मुख्य विषय 'वन्यजीव कॉरिडोर और मानव सह-अस्तित्व' रहा, जिस पर विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में तार्किक विचार रखे। वहीं, प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित 'ट्रेजर हंट' खेल के माध्यम से बच्चों ने जंगल, वृक्षों और वन्यजीवों के महत्व को व्यावहारिक रूप से समझा। प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को 8 अक्टूबर को समापन अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी रोहित रवि, पशुचिकित्सक डॉ. तलहा, पर्यटन वन दरोगा राजेंद्र कुमार, स्टोर प्रभारी सुशांत सिंह, आउटरीच इंचार्ज विपिन सैनी, फार्मासिस्ट संदीप कुमार व अभिप्रेरक धनीराम व नाजरून निशा सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




