Lakhimpur Kheri news : “पानी में छिपी मौत! मगरमच्छ ने मछुआरे को खींचा, मचा हड़कंप”
दुधवा टाइगर रिजर्व से सटे बंसीनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच गोले वाली पुलिया के पास मछली पकड़ रहे एक मछुआरे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया।

lakhimpur kheri
10:30 AM, September 16, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
--- जाल छुड़ाने पानी में उतरे 55 वर्षीय अली हुसैन पर किया हमला, गहरे पानी में तलाश जारी
पलियाकलां, लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व से सटे बंसीनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच गोले वाली पुलिया के पास मछली पकड़ रहे एक मछुआरे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ मछुआरे को पानी में खींचकर गहरे हिस्से में ले गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक पलिया कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला माहीगिरान निवासी अमीर हुसैन के करीब 55 वर्षीय पुत्र अली हुसैन बुधवार सुबह अपने साथियों के साथ बंसीनगर स्थित पुलिया के पास मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका जाल पानी में फंस गया। जाल निकालने के लिए अली हुसैन पानी में उतरे, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें खींचकर गहरे पानी में ले गया।
साथ मौजूद मछुआरों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उन्हें पानी के भीतर दूर तक ले गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पानी में अली हुसैन की तलाश की जा रही है। घटना के बाद बंसीनगर और आसपास के क्षेत्र में लोग सहमे हुए हैं।




