Lakhimpur Kheri news : मगरमच्छ ने मछुआरे को खींचा गहरे पानी में, कड़ी मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव
पलिया कोतवाली क्षेत्र के बंसी नगर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने गए एक मछुआरे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया।

lakhimpur kheri
9:32 PM, September 16, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां/लखीमपुर खीरी। पलिया कोतवाली क्षेत्र के बंसी नगर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मछली पकड़ने गए एक मछुआरे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ मछुआरे को पकड़कर गहरे पानी में खींच ले गया। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय युवाओं ने जोखिम उठाकर पानी में उतरकर शव को बाहर निकाला। हादसे में मछुआरे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला महीगिरान निवासी अली हुसैन (लगभग 50-55 वर्ष) अपने साथियों के साथ बंसी नगर स्थित तेरा गोले वाली पुलिया के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान उनका जाल पानी में फंस गया। जाल छुड़ाने के लिए जैसे ही अली हुसैन पानी में उतरे, पहले से घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में घसीट ले गया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय युवाओं ने जान जोखिम में डालकर पानी में उतरकर अली हुसैन को तलाशना शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ के चंगुल से शव को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मगरमच्छ के हमले की घटना से बंसी नगर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।




