Lakhimpur Kheri news : मोहाना नदी में नाव पलटी, दो ग्रामीण लापता; दो ने तैरकर बचाई जान
तिकुनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहाना नदी में बड़ा हादसा हो गया। खेतों से घास काटकर नाव से वापस लौट रहे चार ग्रामीणों की नाव नदी के बीच अचानक पलट गई।

lakhimpur kheri
7:42 PM, August 21, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहाना नदी में बड़ा हादसा हो गया। खेतों से घास काटकर नाव से वापस लौट रहे चार ग्रामीणों की नाव नदी के बीच अचानक पलट गई। हादसे के बाद चारों ग्रामीण नदी में जा गिरे। इनमें से दो लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि दो ग्रामीण तेज बहाव में लापता हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही नदी किनारे ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता दोनों ग्रामीणों की तलाश शुरू कराई गई।
बताया गया कि चारों ग्रामीण मोहाना नदी पार कर खेतों में घास काटने गए थे। घास काटने के बाद नाव से वापस लौटते समय नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। देखते ही देखते चारों पानी में गिर गए।
दो ग्रामीणों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन नदी के तेज बहाव में दो अन्य ग्रामीण बह गए। फिलहाल लापता ग्रामीणों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




