Lakhimpur Kheri news : दुधवा में सड़क किनारे बेखौफ टहलता दिखा भालू, यात्रियों ने कैमरे में कैद किया नजारा
दुधवा टाइगर रिजर्व से होकर गुजरने वाले पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर बुधवार को उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला.

lakhimpur kheri
9:18 PM, September 16, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां/खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व से होकर गुजरने वाले पलिया-गौरीफंटा मार्ग पर बुधवार को उस समय रोमांचक नजारा देखने को मिला, जब सड़क किनारे जंगल की पट्टी में एक भालू चहलकदमी करता दिखाई दिया। पलिया से गौरीफंटा की ओर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में सवार यात्रियों ने भालू को देखते ही अपने मोबाइल कैमरे निकाल लिए और पूरे घटनाक्रम को वीडियो में कैद कर लिया।
भालू कुछ देर तक सड़क किनारे जंगल से सटे क्षेत्र में बेफिक्र होकर घूमता रहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे घने जंगल की ओर चला गया। वन्यजीव को इतने करीब से देखकर बस में बैठे यात्रियों में खासा उत्साह और रोमांच देखने को मिला।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
भालू की चहलकदमी का वीडियो यात्रियों ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। दुधवा क्षेत्र से होकर गुजरने वाला यह मार्ग घने जंगलों के बीच से निकलता है, जिसके चलते यहां आए दिन बाघ, हाथी, हिरण और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी देखने को मिलती है।
वन्यजीवों के विचरण वाले इस मार्ग पर ऐसे नजारे जहां यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते हैं, वहीं वन क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी बरतना भी बेहद जरूरी है।




