Lakhimpur Kheri news : गंगा स्नान बना जानलेवा! पांचाल घाट पर 9 कांवड़िए डूबे, 8 का रेस्क्यू—1 लापता
गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के बीच पांचाल घाट पर शनिवार को कांवड़ भरने पहुंचे युवकों के साथ हादसा हो गया।

lakhimpur kheri
2:51 PM, August 16, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
--- एक युवक की तलाश में राहत-बचाव टीम जुटी, गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब
फर्रुखाबाद। गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के बीच पांचाल घाट पर शनिवार को कांवड़ भरने पहुंचे युवकों के साथ हादसा हो गया। जल लेने से पहले गंगा में स्नान कर रहे नौ कांवड़िए अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए आठ युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक की तलाश देर तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी पवन कुमार अपने साथियों के साथ पांचाल घाट पहुंचा था। कांवड़ में गंगाजल भरने से पहले युवक नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान तेज बहाव और गहराई के कारण चार युवक पानी में फंस गए। घाट पर तैनात गोताखोरों ने कौशल, आकाश और मोहित को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि पवन कुमार गहरे पानी में लापता हो गया।
कुछ समय बाद मैलानी क्षेत्र के गंगापुर गांव से आए पुष्पेंद्र भारती, दीपक और जतिन भी स्नान के दौरान गहरे पानी की ओर चले गए। गोताखोरों ने तत्काल कार्रवाई कर तीनों को बाहर निकाल लिया। इसी दौरान दो अन्य युवकों के भी पानी में फंसने की सूचना पर राहतकर्मियों ने उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए सभी युवकों को पुलिस ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पांचालघाट चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार के मुताबिक, घटना में कुल नौ युवकों के गंगा में डूबने की सूचना मिली थी। आठ को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक लापता युवक की तलाश के लिए गोताखोरों और राहत टीमों को लगाया गया है।
गौरतलब है कि गंगा का जलस्तर लगातार ऊंचा बना हुआ है और नदी खतरे के निशान के बेहद करीब बह रही है। इसके बावजूद कांवड़ियों के घाट पर स्नान करने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की लगातार हिदायत दी जा रही है।




