Lakhimpur Kheri news : कथित कच्ची शराब से युवक की मौत का आरोप, शव पोस्टमार्टम को भेजा
पलिया-निघासन मार्ग पर बुझवा तिराहे के पास 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

lakhimpur kheri
4:07 PM, August 18, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया, लखीमपुर खीरी। पलिया-निघासन मार्ग पर बुझवा तिराहे के पास 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने युवक की मौत कथित तौर पर अवैध कच्ची शराब पीने से होने का आरोप लगाते हुए एक घर के सामने शव रखकर कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक बुझवा गांव निवासी मोहन उर्फ लाले (28) सोमवार को बुझवा तिराहे की ओर गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां एक घर में कथित रूप से अवैध कच्ची शराब की बिक्री होती है और युवक ने वहीं शराब का सेवन किया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों के अनुसार रात करीब तीन बजे मोहन तिराहे के पास गंभीर हालत में मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को कथित शराब विक्रेता के घर के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई। परिजन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और काफी देर तक परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।




