Lakhimpur Kheri news : ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे, देशभक्ति के रंग में रंगा एसएसबी परिसर
राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 39वीं वाहिनी एसएसबी पलिया की ओर से वाहिनी मुख्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया गया।

lakhimpur kheri
9:11 PM, August 10, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- 39वीं वाहिनी के जवानों संग छात्र-छात्राओं ने किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन
पलियाकलां, खीरी। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 39वीं वाहिनी एसएसबी पलिया की ओर से वाहिनी मुख्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं और एसएसबी जवानों ने एक साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी माधब चन्द्र घोष ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह गीत देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, एकता और गौरव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से सामूहिक गायन में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में भी गूंजा ‘वंदे मातरम’
इसी क्रम में सीमा चौकी बनकटी की टीम ने वाइब्रेंट गांव भूड़ा स्थित संविलियन विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया। एसएसबी जवानों ने बच्चों को राष्ट्र निर्माण में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।




