Lakhimpur Kheri : जंगल से निकले गजराज, दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर थमा यातायात
दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर अचानक हाथियों का झुंड पहुंचने से राहगीरों और निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों में हड़कंप मच गया।

lakhimpur kheri
9:04 PM, August 14, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलियाकलां, लखीमपुर खीरी। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर अचानक हाथियों का झुंड पहुंचने से राहगीरों और निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों में हड़कंप मच गया। जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड सड़क के करीब आ गया, जिसे देखकर मजदूर काम छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
बताया गया कि मार्ग किनारे इंटरलॉकिंग कार्य के लिए सपोर्ट वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर निर्माण स्थल की ओर बढ़ता दिखाई दिया। हाथियों को सामने देखकर मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपने औजार मौके पर ही छोड़कर वहां से दूर चले गए।
हाथियों के सड़क पर पहुंचने की सूचना से वाहन चालकों में भी सतर्कता बढ़ गई। बाइक सवारों समेत अन्य लोगों ने दूर से ही अपने वाहन रोक दिए और हाथियों के हटने का इंतजार करने लगे। कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखी, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका और निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया।




