Lakhimpur Kheri : लखीमपुर में ई-रिक्शा चोरी गिरोह का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली सदर पुलिस ने शहर क्षेत्र में लगातार हो रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

lakhimpur kheri
5:14 PM, August 22, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर पुलिस ने शहर क्षेत्र में लगातार हो रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो ई-रिक्शा भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक अपराध नियंत्रण अभियान के तहत टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और पुलिस की सुरागरसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर शनिवार को चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शादाब, मोहम्मद सुहेल, मोहम्मद सुयेब और इमरान के रूप में हुई है। सभी कोतवाली सदर क्षेत्र के महेवागंज और सिंगारपुर महेवागंज के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार इमरान का पूर्व में भी चोरी से संबंधित आपराधिक इतिहास रहा है।
जांच में सामने आया कि बरामद ई-रिक्शा में एक 17 अगस्त को कचहरी के सामने और दूसरा 19 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से चोरी किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र बहादुर सिंह, उमाशंकर सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




