Jharkhand News : रांची में छात्र आंदोलन उग्र, विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस का लाठीचार्ज
झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।

ranchi
4:48 PM, August 10, 2026
रांची । झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। आंदोलन के 17वें दिन सोमवार, 10 अगस्त को प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग पार करने और पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
वहीं, पिछले नौ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी एंबुलेंस से आंदोलन स्थल पहुंचे। लंबे समय से अनशन पर रहने के कारण उनकी हालत कमजोर बताई जा रही है और वह पैदल चलने की स्थिति में नहीं हैं।
आंदोलनकारी छात्रों से मुलाकात के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनकी मांगों को विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग और कंटीले तार छात्रों की आवाज को दबा नहीं सकते। छात्रों ने भी अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




