Jharkhand News : JPSC परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों पर ED की एंट्री, PMLA के तहत दर्ज किया केस
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक पहुंच गई है।

ranchi
10:40 AM, August 10, 2026
रांची । झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक पहुंच गई है। जांच एजेंसी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कानून PMLA के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ED की जांच का मुख्य फोकस परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेनदेन और भ्रष्टाचार पर रहेगा। एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि पूरे मामले में किन लोगों या अधिकारियों की भूमिका रही और कहीं भ्रष्ट तरीके से पैसों का लेनदेन तो नहीं हुआ।
इधर, परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। छात्र संगठन JSSC और CGL परीक्षा को रद्द करने के साथ पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
हालांकि राज्य सरकार का कहना है कि CGL परीक्षा न्यायालय की निगरानी में आयोजित हुई है, इसलिए इसे रद्द करने का अधिकार सरकार के पास नहीं है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि CBI जांच का आदेश देने का अधिकार भी उसके पास नहीं है।
वहीं, रांची में JSSC CGL परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्र संगठनों और सरकार के बीच सहमति नहीं बन सकी है। इसके विरोध में छात्र संगठनों ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है।
अब ED की जांच और छात्र आंदोलन के बीच JPSC तथा JSSC से जुड़ी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मामला और गरमाता नजर आ रहा है।




