पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पंचतत्व में विलीन, नम आंखों दी गयी अंतिम विदाई
पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।
फाइल
delhi
5:13 PM, December 28, 2024
पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजनाथ समेत कई नेताओं ने निगम बोध घाट पर पहुंच कर पूर्व पीएम के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की बड़ी बेटी ने पिता को मुखाग्नि दी। इसी के साथ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सदा के लिए पंचतत्व में विलीन हो गए।
पीएम मोदी के अलावा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह आदि ने निगम बोध घाट पर मनमोहन सिंह को दी अंतिम श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निगम बोध घाट पर देश के पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है। एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं।'
आपको बतादें कि गुरुवार रात दिल्ली के AIIMS अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया । डॉ. मनमोहन सिंह ने 10 वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की । शुक्रवार तड़के उनका पार्थिव शरीर 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित उनके आवास पर लाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित अन्य नेताओं और परिजनों ने वहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय में भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई ।