VIP कल्चर का दिखा प्रभाव, जंगल में आग लगी मगर वन विभाग मंत्री की तैयारी में जुटे रहे
कई देश भले ही VIP कल्चर को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा चुके हैं लेकिन यूपी में आज भी VIP कल्चर इस कदर हाबी है कि नेता जी को खुश करने के लिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी तक भूल गए।

sonbhadra
12:49 AM, April 24, 2026
शांतनु कुमार/एम शर्मा
० मंत्री बोले- खुद देखूंगा पूरा मामला
सोनभद्र। कई देश भले ही VIP कल्चर को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा चुके हैं लेकिन यूपी में आज भी VIP कल्चर इस कदर हाबी है कि नेता जी को खुश करने के लिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी तक भूल गए। मामला सोनभद्र का है, जहाँ चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के अहिराडेरा जंगल में लगी भीषण आग 72 घंटे बाद भी कम होते नजर नहीं आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते वन विभाग की टीम सक्रिय होती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था और जंगल को होने वाले भारी नुकसान से बचाया जा सकता था। घटना के बाद से वन विभाग के कार्य शैली को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार कीमती पेड़-पौधों के साथ-साथ औषधीय वनस्पतियां और छोटे वन्य जीव भी आग की चपेट में आ गये। जिससे वन विभाग को राजस्व हानि का सामना करना भी पड़ सकता है।
चर्चा है कि जिले में वन मंत्री अरुण सक्सेना का दौरा लगा हुआ था जिसकी वजह से सभी वन अधिकारी व कर्मचारी मंत्री जी के तैयारी में जुटा हुआ था। जिसकी वजह से ग्रामीणों की गुहार अनसुनी कर दी गयी और वन को आग के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों ने वन मंत्री से मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं जब इस मामले को पत्रकारों ने वन मंत्री अरुण सक्सेना के सामने उठाया तो मंत्री ने हैरानी व्यक्त करते हुए यदि वन विभाग की टीम नहीं पहुंची तो क्यों नहीं पहुंची इसे वे स्वम देखेंगे।
बहरहाल यूपी में योगी सरकार बनते ही VIP कल्चर खत्म करने की बात कही गयी थी लेकिन क्या सिर्फ नीली व लाल बत्ती ही खत्म करना VIP कल्चर में आता है। जब अधिकारियों में यह खौफ समा जाय कि मंत्री के सम्मान में कमी होने पर नुक्सान हो सकता है तो वहाँ आम आदमी की सुनवाई कहाँ होगी।



