आज मनाई जा रही चित्रगुप्त पूजा, कलम-दवात और बही-खातों की होगी आराधना
मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की पूजा करने से बुरे कर्मों के प्रभाव में कमी आती है और पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही माता-पिता, गुरुजनों एवं पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है

delhi
9:50 AM, November 11, 2026
भाई दूज के पावन अवसर पर आज भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की जा रही है। इस दिन भगवान चित्रगुप्त के साथ कलम-दवात और बही-खातों की विशेष पूजा का विधान है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त प्रत्येक प्राणी के जन्म से लेकर मृत्यु तक के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसी कारण उन्हें कर्मों का गुप्त लेखाकार भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की पूजा करने से बुरे कर्मों के प्रभाव में कमी आती है और पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही माता-पिता, गुरुजनों एवं पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर विशेष रूप से कलम, दवात, कॉपी, किताब और बही-खातों की पूजा की जाती है। कायस्थ समाज में इस पर्व को विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। हालांकि, भगवान चित्रगुप्त के प्रति आस्था रखने वाले अन्य समुदायों के लोग भी इस दिन उनकी आराधना करते हैं।




