Chandauli news : कंदवा में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
प्रसव के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई।

AI जेनरेटेड फोटो
chandauli
8:57 AM, November 16, 2026
सत्येंद्र यादव (संवाददाता)
कंदवा (चंदौली)। कंदवा थाना क्षेत्र के कंदवा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में रविवार देर रात प्रसव के दौरान 21 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अदसड़ गांव निवासी रिंकी देवी पत्नी दीपक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह रिंकी देवी को कंदवा बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सालय में ब्लड चढ़ाया गया। देर रात तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजन जब रिंकी देवी को लेकर दूसरे अस्पताल पहुंचे तो वहां चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि उनकी मौत करीब दो घंटे पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद परिजन शव लेकर कंदवा पहुंचे, लेकिन तब तक संबंधित चिकित्सालय बंद कर चिकित्सक वहां से जा चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
वहीं, घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों द्वारा मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है।
नोट: चिकित्सक की लापरवाही और झोलाछाप होने का आरोप परिजनों की ओर से लगाया गया है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




