Chandauli news : स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘कुरुक्षेत्र-2026’ का भव्य आयोजन
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘कुरुक्षेत्र-2026’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया।

chandauli
3:51 PM, November 20, 2026
सत्येन्द्र यादव (संवाददाता)
★ खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, 100 मीटर दौड़ में सात्विक यादव ने मारी बाजी
धीना चंदौली। कमालपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘कुरुक्षेत्र-2026’ का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट जोसेफ स्कूल चंदौली एवं वाराणसी के निदेशक अनिल जोसेफ ने किया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कमालपुर के पुलिस निरीक्षक जयकरन सरोज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन, जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) दिलीप चंद्रन, शशिकांत मिश्रा, केके यादव, तेजा सर, चंदन सर, सुनील सर और चंद्रा सर सहित समस्त शिक्षकगण एवं अभिभावक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने दौड़ सहित विभिन्न खेलकूद स्पर्धाओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कक्षा पांच ए के सात्विक यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आदित्य यादव द्वितीय और अर्जुन यादव तृतीय स्थान पर रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है। इससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। साथ ही अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, टीम भावना और विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नेल्सन चेरियन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
अंत में उत्साहपूर्ण माहौल में प्रतियोगिता का समापन हुआ। ‘कुरुक्षेत्र-2026’ विद्यार्थियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर मंच साबित हुआ।




