भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ मिशन मोड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यवाही तेजी से जारी है। इस क्रम में बुधवार देर रात हुई इस कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि विगत कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि उ.प्र.-बिहार सीमा पर बक्सर, बिहार से बलिया में आने वाली ट्रकों से थाना नरही के भरौली तिराहा पर पुलिस कर्मियों द्वारा कुछ दलालों के माध्यम से अवैध वसूली करायी जा रही है। इस सूचना पर पुलिस महानिदेशक द्वारा अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ को कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। उच्चस्तरीय निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ की संयुक्त टीमें बुधवार रात करीब 01.30 पर वाराणसी एवं आजमगढ़ से कुल 05 टीमें भरौली तिराहे पर पहुँची, जहां ट्रकों से पुलिस कर्मियों द्वारा की जा रही वसूली की सूचना सही पाई गई। मौके से 01 आरक्षी हरदयाल सिंह गिरफ्तार हुआ एवं 01 मुख्य आरक्षी विष्णु यादव एवं 02 आरक्षी दीपक मिश्रा एवं बलराम सिंह कुल 03 पुलिस कर्मी भाग गए। पुलिस कर्मियों द्वारा प्राइवेट व्यक्तियों को दलाल के रूप में प्रयुक्त कर वसूली की जा रही थी। 16 दलाल भी पकड़े गए।