Sonbhadra News : 1 से 31 जुलाई तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा। जिसकी तैयारी के संबंध में आज सीडीओ ने टास्क फ़ोर्स के साथ बैठक कर आवश्यकता दिशा निर्देश दिया।

sonbhadra
10:13 PM, June 24, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 - 7007444590
सोनभद्र । अब जल्द ही मानसून का आगाज होने वाला है। मानसून आने के साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियां उत्पन्न होती है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी संचारी रोगों से बचाव को लेकर संचारी नियंत्रण रोग अभियान और दस्तक अभियान एक जुलाई से शुरु किया जाएगा। अभियान में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव पर फोकस रहेगा। इस दौरान एंटीलार्वा का छिड़काव और फागिंग भी कराई जाएगी। टीमें घर घर जाकर मच्छरों को खोजेंगी। साथ ही डेंगू-मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारी के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार की अध्यक्षता में शनिवार की शाम में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय टास्क फोर्स बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सौरभ गंगवार ने माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता लोगों को मच्छरजनित परिस्थितियों के बारे में जागरूक करेंगे साथ ही साथ संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार आदि बीमारियों के प्रसार के रोकथाम पर भी जानकारी देंगे। अभियान की शुरुवात आगामी एक जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण और 17 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा साथ ही ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में सफाई एवं जलभराव निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। मच्छरों के प्रजनन एवं घनत्व की स्थिति पर निगरानी रखी जाए। हाई रिस्क एरिया में अंतर्विभागीय सहयोग के साथ सघन वाहक और मच्छर नियंत्रण गतिविधियों पर नजर रखी जाए। सीडीओ ने कहा कि बुखार के रोगियों, आई0एल0आई0 (इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों आदि लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम एवं मोबाइल नम्बर सहित सम्पूर्ण विवरण की सूची बनाकर ई-कवच पोर्टल पर डिजिटल अपलोड करें। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में संपन्न संचारी अभियान के मानीटरिंग डाटा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बाल विकास विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग को चेतावनी देते हुए जुलाई माह के संचारी अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने हेतु निर्देशित किया है। विद्यालयों में रोगों से बचाव तथा रोकथाम के लिए जागरुकता अभियान चलाया जाए साथ ही शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए। दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स द्वारा चिन्हित किए गए लक्षण युक्त लोगों की जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए। शहरों और ग्रामीणों में झाड़ियों की कटाई की जाए।




