Sonbhadra News : 834 अविद्युतीकृत मजरों में जल्द जलेगी रोशनी, डीएम ने दिया अल्टीमेटम
जनपद में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए अविद्युतीकृत मजरों के विद्युतीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में....

sonbhadra
8:40 PM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए अविद्युतीकृत मजरों के विद्युतीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विद्युत आपूर्ति और चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा की।
बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल आनंद कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की बाधा नहीं है। इस पर संतोष जताते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत 97 मजरों के विद्युतीकरण का कार्य मेसर्स विश्व समृद्ध इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है, जिनमें से 40 मजरों में काम पूरा हो चुका है। शेष कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्था को एक माह के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया।
इसके अलावा अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज ने बताया कि जनपद में कुल 834 अविद्युतीकृत मजरे चिन्हित किए गए हैं, जहां विद्युतीकरण की प्रक्रिया जारी है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




