Thursday, March 23, 2023

जिलाधिकरी ने प्रधानों के साथ एक दिवसीय स्वच्छ भारत मिशन की कार्यशाला आयोजित की

Must Read

राहुल शुक्ला ब्यूरो

शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गांधी भवन प्रेक्षागृह टाउन हॉल में मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के अन्तर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रधान, सहायक विकास अधिकारियों (पं0) एवं ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। पीपीटी के माध्यम से ग्राम प्रधानों को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं गोवंश संरक्षण के विषय में जानकारी दी गयी। ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुये गांव के सर्वांगीण विकास हेतु सुझाव दिये तथा समस्याओं के विषय में बताया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी ग्राम प्रधानोें को आश्वस्त किया गया कि प्रशासन स्तर से समस्याओं का त्वरित निस्तारण कराते हुये हर सम्भव सहयोग किया जायेगा। कार्यशाला के दौरान जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को प्रेरित करते हुए कहा कि गांव में संचालित लाभार्थी परक योजनाओं के लागू करने की पूरी जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों की होती है। उन्होंने कहा कि सभी पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु सभी ग्राम प्रधानों को प्रयास करना होगा। ग्राम प्रधान सरकारी तंत्र का एक बहुत बड़ा हिस्सा है। गोवंश संरक्षण के विषय में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में 31 मार्च 2023 तक सभी बेसहारा गोवंशों को संरक्षित किया जाना है। इसके लिए सभी ग्राम प्रधान पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। प्रत्येक ग्राम प्रधान कम से कम को 10 बेसहारा गोवंश का संरक्षण अवश्य करें, उसके साथ ही हर व्यक्ति को गोवंश का संरक्षण करने हेतु प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गाय को बेसहारा छोड़ना बहुत बड़ा सामाजिक अपराध है। हम गाय को माता का दर्जा देते हैं और गाय जैसे ही दूध देना बंद करती है वैसे ही उसे बेसहारा छोड़ देते हैं, इससे बड़ा कोई भी सामाजिक अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि गाय का आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व बहुत अधिक है तथा सभी को गोवंश संरक्षण के लिए आगे आकर अपना प्रयास करना होगा। गांव में जाकर सभी ग्राम प्रधान बैठक कर लोगों को बेसहारा गोवंश को आश्रय देने हेतु प्रेरित करें। प्रधानमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री आवास आवंटन के संबंध में पात्रता का पूर्ण ध्यान रखते हुए पात्रों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को मनरेगा, अमृत सरोवर योजना, कायाकल्प, मिड डे मील आदि योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मन में चाहत और दृढ़ संकल्प के बिना कोई भी कार्य संभव नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रशासन द्वारा ग्राम प्रधानों से अपेक्षा की गई ग्राम प्रधानों ने सभी कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया है। चाहे वह हर घर तिरंगा अभियान हो या सभी ग्राम पंचायतों द्वारा 10 कुंटल भूसा दान दिये जाने का अभियान हो। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में हर घर तिरंगा अभियान की प्रशंसा शासन स्तर तक की गई तथा ग्राम प्रधानों द्वारा 10-10 कुंटल भूसा दान दिए जाने के विषय में मुख्य सचिव द्वारा प्रशंसा भी की गई। उन्होंने कहा कि यह सब सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि जनपद की सकारात्मक छवि बनी है और हाल ही सम्पन्न इन्वेस्टर्स समिट के दौरान जनपद में 66 हजार करोड़ से अधिक का निवेश आया है तथा टैक्सास अमेरिका की एक संस्था आस्टिन कन्सल्टिंग ग्रुप द्वारा जनपद में एक बड़ा निवेश किए जाने की घोषणा भी की गई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े इन्वेस्टमेंट से जनपद का गौरव और अधिक बढ़ सकेगा तथा जनपद वासियों को और अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने स्वच्छता एवं जल संरक्षण के कार्य को पूर्ण मनोयोग से किए जाने हेतु सभी को प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गोवंश आश्रय के लिए सभी कंधे से कंधा मिलाकर साथ दें। व्यापक जन जागरूकता प्रसारित किए जाने के निर्देश भी मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के अन्तर्गत कराये जाने वाले कार्यो के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिवालय के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध सेवाओं के विषय में जानकारी दी। उन्होने प्रधानों से अपेक्षा करते हुये कहा कि कार्यशाला में बताए गये विषयों पर सभी त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करेगें।
कार्यशाला के दौरान पीडी डीआरडीए अवधेश राम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 जय प्रकाश सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

ताज़ा ख़बरें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भारतीय नववर्ष का दीप जलाकर किया स्वागत

बृजेश शर्मा मंटू (संवाददाता) डाला। स्थानीय नगर के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा भारतीय नव वर्ष...

सम्बंधित ख़बरें

You cannot copy content of this page