NDA की तरफ से द्रौपदी मुर्मू होंगी राष्ट्रपति पद के लिए उम्मदीवार- जे. पी. नड्डा
देश के अगले राष्ट्रपति पद के लिए NDA ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के नाम पर मुहर लगा दी है। मंगलवार शाम को भाजपा संसदीय बोर्ड की मीटिंग के बाद उनके नाम पर सहमति बनी। दिल्ली में भाजपा हेडक्वार्टर में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में पीएम मोदी के अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी व अन्य कई नेता मौजूद थे।
इससे पहले आज दिन में विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना राष्ट्रपति बनाने का ऐलान किया था ।
दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस करके जेपी नड्डा ने इस बात पर भी जोर दिया कि इस बार एक महिला राष्ट्रपति को मौका मिलना चाहिए । उन्होंने कहा कि देश को पहली बार आदिवासी समुदाय से एक राष्ट्रपति देने की तैयारी है । द्रौपदी मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रही थीं, तब वो देश की पहली आदिवासी राज्यपाल थीं ।
जानकारों का कहना है कि गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव को देखते हुए भाजपा आदिवासी समुदाय पर फोकस कर रही है। महिला आदिवासी अगर राष्ट्रपति बनती है तो भाजपा को चुनावी फायदा भी मिल सकता है।
इस एलान के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ”लाखों लोग, विशेष रूप से वे जिन्होंने गरीबी का अनुभव किया है और कठिनाइयों का सामना किया है, द्रौपदी मुर्मू के जीवन से बड़ी ताकत हासिल करते हैं । नीतिगत मामलों की उनकी समझ और दयालु स्वभाव से हमारे देश को बहुत लाभ होगा ।
आपको बतादें कि 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होंगे और 21 जुलाई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।