मंगलवार रहा इस वर्ष का सबसे ठंडा दिन, शीतलहर से उंगलियाँ हुई सुन्न
अंशु खत्री/दिलीप श्रीवास्तव (संवाददाता)
चुर्क । मकर संक्रांति के बाद मौसम का कहर जारी है। जिले में शीतलहर के चलने से ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। आज भी पूरे दिन शीतलहर चलती रही। जिसने लोगों के हाथ पैर की उंगलियां सुन्न कर दी। दिन में निकली हल्की धूप से भी लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। आज इस साल का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। ठंड के कारण लोग घरों में ही कैद रहे। वहीं शहर के प्रमुख चौराहों पर लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया।
पहाड़ों पर हो रहे हिमपात का असर जिले में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। कई दिनों से चल रही शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। आज सुबह जबरदस्त धुंध थी लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तो निकली, लेकिन उसकी तपिश लोगों की ठंड नहीं मिटा सकी। वहीं शाम के समय से शीतलहर और बढ़ गई। आज न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री व अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ेगी। शहर में जगह-जगह लोगों ने अलाव जलाकर अपनी ठंड भगाई। शाम होते ही प्रतिष्ठान भी जल्दी बंद हो गए। ठंड के कारण लोग बहुत जरूरी कामों से ही घर से बाहर निकले।